Tuesday, February 23, 2010

सुना है ईश्वर फिर जिंदा हो गया है

सुना है, ईश्वर फिर जिंदा हो गया है
सुना है कि इस बार तो उसके सींगें उग आई हैं
यूं, चरता तो चारा ही है
लेकिन उसका असली शगल तो खून पीना है
खालिस आदमी का!
सुना है इस बार मंदिरों में नहीं रहेगा वह
उसने बुक करा लिया है एक फ्लैंट दिल्ली में
एक वाशिंगटन में, एक लंदन में
एक ऑस्ट्रेलिया में और एक दुबई में...
सुना है उसके पास उच्च क्षमता वाली एक दूरबीन है
और अपने ठिकानों पर बैठे-बैठे रखेगा निगाह
हर आदमी पर
माफ करिए... हर आम आदमी पर
सुना है इस बार तो वह सबका उद्धार करेगा
जैसे त्रेता में राम ने किया था-
ताड़का-खर-दूषण-बालि-शंबूक-रावण का
और द्वापर में कृष्ण ने
पूतना-कालिया-बकासुर और कंस का।
सुना है, अबकी उसने वादा किया है
उसके राज में कोई दुखी नहीं होगा
एक बार फिर रामराज्य आएगा।

No comments:

Post a Comment