कल की शाम चेन्नई और बंबई के बीच आईपीएल के बीसमबीस मैच मेरे लिए अहम था। चेन्नई ने पहले खेलते हुए 180 रन ठोंक डाले थे। बंबई को नौ के रेट से रन बनाने थे। टी-20 में नौ का रन रेट कोई हौवा नहीं है, लेकिन सब जानते हैं कि बंबई की टीम में सचिन और जयसूर्या को छोड़कर कोई भी ऐसा बल्लेबाज नहीं है जिसकी अंतरराष्ट्रीय क्या, राष्ट्रीय ख्याति भी हो। तिस पर जयसूर्या अनफिट। ऐसे में केवल सचिन के भरोसे एक दोस्त से एक-एक बीयर की शर्त लगा बैठा। यूं, एक बीयर की कीमत बहुत ज्यादा नहीं होती। चालीस रुपल्ली में आ जाती है और यही भाव तो किलो भर परवल या शिमला मिर्च का भी है। लेकिन शर्त में पैसे से ज्यादा कीमत तो अपने कॉन्फीडेंस की होती है।ओपनिंग करने आए सचिन और शिखर धवन। पहले ओवर में बने केवल पांच रन। अब मैं मन ही मन सचिन को कोसने लगा था। हालांकि दूसरे ओवर के बाद शिखर धवन चौका-छक्का उड़ाए जा रहे थे और रन रेट दस के आस-पास था। में जब शिखर धवन आउट हुए तो बंबई आधा सफर तय कर चुकी थी। फस्र्ट डाउन आए सौरभ तिवारी दो रन बनाकर ही चलते बने। फिर आर सतीश तीन रन पर पवेलियन जा बैठे। इस बीच सचिन भी टुक-टुक करने लगे। अब मेरा थूक सूखने लगा था क्योंकि रन रेट फिर नौ के ऊपर पहुंच गया था। पोलार्ड आए और कुछ पैर जमाया तो जान में जान आई। इस बीच परेरा या थरेरा नाम का कोई बॉलर आया और उसकी जो पिटाई सचिन ने की तो लगा कि अब ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। दिक्कत हुई भी नहीं। बाद में दो और विकेट जरूर गिरे लेकिन छह गेंद रहते ही बंबई मजे से मैच जीत चुकी थी लेकिन सचिन को मन ही मन गरियाने की आत्मग्लानि बनी रही। वह भी तब, जब प्रेजेंटेशन सेरमनी में सचिन ने कहा मैं जान-बूझकर बड़े स्ट्रोक नहीं खेल रहा था। मुझे मालूम था कि बड़ा स्कोर है और एक छोर पर मेरा टिका रहना जरूरी था। सचिन ने यह भी कहा मैं तो चाहता था कि मैच फिनिश करके आऊं, लेकिन दुर्भाग्यवश बीसेक रन रहते आउट हो गया। तब जिस तरह मैं मन ही मन सचिन को कोस रहा था, मैंने मन ही मन कहा, सचिन मुझे माफ करना। मुझे क्या मालूम था कि तुम मैच फिनिश करने के इरादे से मैदान पर आए थे। याद रखिए दोस्तो सचिन के प्रति मेरी यह दीवानगी इसलिए नहीं है कि वे बहुत अच्छा खेलते हैं। कल 71 रन की पारी खेलने वाले सचिन से ज्यादा मेरी दीवानगी उस सचिन पर है जो सचिन हर्सा भोगले से सुरेश रैना की तारीफ कर रहा था। अपने ज्यादा दूसरी की प्रतिभा को सलाम करने वाला सचिन। एक खालिस हिंदुस्तानी सचिन।
No comments:
Post a Comment